मुंबई: रियलिटी शो बिग बॉस 19 का दूसरा हफ्ता शुरू हो चुका है और घर के अंदर का माहौल हर दिन और भी ज्यादा दिलचस्प होता जा रहा है। शो के मेकर्स ने मंगलवार, 2 सितंबर के एपिसोड के कई नए प्रोमो रिलीज किए हैं, जिनमें तकरार, तंज और हल्की-फुल्की नोकझोंक के बीच रोमांस की झलक भी देखने को मिली है।
सबसे पहले बात करते हैं नॉमिनेशन टास्क की। इस हफ्ते का नॉमिनेशन एपिसोड दर्शकों के लिए बेहद एंटरटेनिंग साबित होने वाला है। प्रोमो में दिखाया गया कि कुणिका सदानंद ने मृदुल तिवारी को सीधे निशाने पर लिया। कुणिका ने तंज कसते हुए कहा, “मृदुल किसी पक्ष में नहीं है, वह बिन पेंदी के लोटे की तरह इधर-उधर लुढ़कते रहते हैं।” उनकी यह टिप्पणी सुनकर मृदुल भड़क उठते हैं और व्यंग्यात्मक लहजे में जवाब देते हैं, “मतलब जो आपके पीछे-पीछे घूमे, वही अच्छा है? चमचागिरी तो न मैं आपकी करूंगा, न किसी और की।” मृदुल के इस जवाब पर घर के कई सदस्य उनकी तारीफ करते दिखे।
वहीं दूसरी तरफ माहौल में हल्की-फुल्की चटपटी मिठास भी देखने को मिली। लंबे समय से जारी बहस के बाद बसीर अली और फरहाना का प्रोमो सामने आया, जिसमें बसीर फ्लर्टिंग करते नज़र आए। उन्होंने फरहाना से कहा, “फरहाना बड़ी क्यूट लग रही हो ये करते हुए। मुझे बहुत मजा आ रहा है। प्लीज मेरे पास दिनभर रहो। सुंदर तो तुम बहुत हो, आंखें तो बेहद खूबसूरत हैं।” यहां तक कि उन्होंने उनसे पूछा, “क्या तुम्हारा कोई बॉयफ्रेंड है?” इस सवाल पर फरहाना गुस्से में आ गईं और बोलीं, “मैं तुम्हें क्यों बताऊं?” बसीर ने सफाई देते हुए कहा कि यह सवाल उन्होंने अपने लिए नहीं पूछा। हालांकि फरहाना की नाराज़गी से साफ झलकता है कि आने वाले एपिसोड में दोनों के बीच नया विवाद भी जन्म ले सकता है।
इसी बीच घर में एक और मजेदार ट्विस्ट तब देखने को मिला जब अशनूर कौर बिग बॉस से सीधा रिक्वेस्ट करती हैं। प्रोमो में अशनूर बिग बॉस से कहती हैं, “हमारे लिए तीन सुंदर मर्द भेज दीजिए, प्लीज।” उनकी इस बात पर घरवाले हंसने लगते हैं। अभिषेक तो मजाक में कहते हैं, “तुम्हें नर नहीं, वानर लगेंगे।” यह बयान सुनकर घर का माहौल ठहाकों से गूंज उठता है।
कुल मिलाकर बिग बॉस 19 का दूसरा हफ्ता शुरुआत से ही दर्शकों को भरपूर मसाला परोस रहा है। जहां एक तरफ नॉमिनेशन टास्क में कंटेस्टेंट्स के असली इरादे सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रिश्तों की नई परिभाषा भी गढ़ी जा रही है। बसीर और फरहाना की बातचीत आने वाले समय में दोस्ती या दुश्मनी, किस मोड़ पर जाएगी यह देखना दिलचस्प होगा। वहीं, कुणिका और मृदुल की जुबानी जंग भी आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।
दर्शक अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि इस हफ्ते कौन-कौन से कंटेस्टेंट नॉमिनेशन की जद में आते हैं और घर के अंदर कौन सा नया समीकरण बनता है। इतना तो तय है कि बिग बॉस 19 के आने वाले एपिसोड्स में ड्रामा, एंटरटेनमेंट और रोमांच का तड़का और ज्यादा बढ़ने वाला है।
