Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandदेहरादून

देहरादून: गौतम इंटरनेशनल स्कूल में भीषण आग, अफरातफरी के बीच सभी बच्चों ने भाग कर बचाई जान

देहरादून: राजधानी देहरादून के थाना वसंत विहार क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित गौतम इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। उस समय बच्चे कक्षाओं में मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 12 बजे के आसपास स्कूल के स्टोर रूम से धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते वहां आग की लपटें उठने लगीं और आग फैलने का खतरा बढ़ गया। जैसे ही धुआं क्लासरूम तक पहुंचा, छात्रों और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। तत्काल शिक्षकों और स्टाफ ने बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को फोन किया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान स्थानीय लोग भी मदद के लिए पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने में सहयोग किया।

थाना वसंत विहार प्रभारी प्रदीप ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। स्टोर रूम में पुराने कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से भड़क उठी। उन्होंने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद से अभिभावकों में भी हड़कंप मच गया। कई लोग जानकारी मिलते ही स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों की कुशलक्षेम जानी। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि सभी छात्र सुरक्षित हैं और भविष्य में सुरक्षा इंतजाम और पुख्ता किए जाएंगे।

 

Leave a Comment