Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

‘उफ्फ ये सियापा’ का दूसरा ट्रैक ‘तमंचा’ रिलीज नोरा फतेही के डांस मूव्स और ए.आर. रहमान के म्यूजिक से सजी अनोखी फिल्म

मुंबई: बॉलीवुड में अक्सर कॉमेडी फिल्मों का ढांचा लगभग एक जैसा होता है—मजेदार डायलॉग्स, गाने और हल्का-फुल्का ड्रामा। लेकिन ‘उफ्फ ये सियापा’ इस पैटर्न को तोड़ने जा रही है। यह फिल्म किसी भी कॉमेडी मूवी से बिल्कुल हटकर है क्योंकि इसमें एक भी डायलॉग नहीं होगा। जी हां, पूरी फिल्म 0% डायलॉग और 100% अफरातफरी के कॉन्सेप्ट पर बनी है। दर्शकों को यह यूनिक एक्सपेरिमेंट पहले ही काफी उत्साहित कर रहा है, और अब फिल्म का दूसरा गाना ‘तमंचा’ इस रोमांच को और बढ़ाने आ गया है।

‘तमंचा’ को म्यूजिक के लीजेंड ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है। गाने को अपनी दमदार और जोशीली आवाज़ से सुनिधि चौहान ने सजाया है, जबकि इसके बोल मशहूर गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। यह गाना एक हाई-एनर्जी डांस नंबर है जिसमें धुन और मूड का शानदार मेल दिखाई देता है। रहमान की धुनें, सुनिधि की आवाज़ और अमिताभ के बोल मिलकर ऐसा माहौल बनाते हैं जो दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर देता है।

गाने का सबसे बड़ा आकर्षण नोरा फतेही हैं, जो अपने डांस मूव्स और दिलकश अदाओं से स्क्रीन पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। उनके साथ सोहम शाह भी नजर आने वाले हैं, जो इस गाने में एक नया फ्लेवर जोड़ देंगे।

खास बात यह है कि ‘तमंचा’ फिल्म के कॉन्सेप्ट को और मजबूत करता है। इस बारे में ए.आर. रहमान कहते हैं, “जब फिल्म में डायलॉग्स का इस्तेमाल ही नहीं है, तब म्यूजिक सिर्फ बैकग्राउंड नहीं होता बल्कि कहानी का असली किरदार बन जाता है। तमंचा में हमने धैर्य और जोश का संतुलन साधा है। इसमें हर बीट, हर रिदम कहानी को आगे बढ़ाती है।”

वहीं, गाने की सिंगर सुनिधि चौहान ने कहा, “यह गाना बोल्डनेस और लुभावनापन, दोनों के बीच का सही बैलेंस है। यह न तो बहुत लाउड है और न ही बहुत सॉफ्ट, लेकिन सुनने वाले के मन में लंबे समय तक बना रहता है। इसी वजह से इसे गाना मेरे लिए बेहद क्रिएटिव और मजेदार अनुभव रहा।”

‘उफ्फ ये सियापा’ लव फिल्म्स के बैनर तले बनी है। इसे जी. अशोक ने लिखा और डायरेक्ट किया है, जबकि प्रोड्यूसर लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

बिना डायलॉग्स के बनी यह फिल्म और अब ‘तमंचा’ जैसे पावरफुल गाने के साथ, दर्शकों को एक बिल्कुल नया और ताजगी भरा सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।

Leave a Comment