राजगीर में हीरो एशिया कप हॉकी 2025 चल रहा है.आज तय होगा फाइनलिस्टों का सफर. आज भारत और चीन के बीच मुकाबला खेला जाएगा. पढ़ें..
राजगीर: बिहार के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में चल रहे हीरो एशिया कप हॉकी 2025 का रोमांच अपने चरम पर है। टूर्नामेंट के नौंवे दिन यानी शनिवार को यह तय होना है कि रविवार को फाइनल में किन दो टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों की बढ़ती संख्या यह साबित कर रही है कि एशिया कप का यह संस्करण ऐतिहासिक बनने जा रहा है।
चीनी ताइपे बनाम कजाकिस्तान – सम्मान की जंग
दिन की शुरुआत चीनी ताइपे और कजाकिस्तान के मुकाबले से होगी। भले ही दोनों टीमें सुपर-4 की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं, लेकिन टूर्नामेंट से सम्मानजनक विदाई के लिए यह मैच बेहद अहम होगा। दोनों ही टीमें आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज कर अपने प्रशंसकों को खुशी देना चाहेंगी। खिलाड़ियों के लिए यह आत्मसम्मान की लड़ाई है, वहीं दर्शक गोलों की बारिश और रोमांचक खेल का आनंद लेंगे।
मलेशिया बनाम कोरिया – करो या मरो
दूसरा मुकाबला सुपर-4 राउंड के तहत मलेशिया और कोरिया के बीच होगा। यह मैच सीधे तौर पर फाइनल की दिशा तय करेगा। मलेशिया अब तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीमों में शामिल रही है, जबकि कोरिया अपनी अनुशासित डिफेंस और तेज काउंटर अटैक के लिए जानी जाती है। दोनों टीमों की टक्कर इस बात का फैसला करेगी कि रविवार को कौन फाइनल में जगह बनाएगा। मलेशिया के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है, वहीं कोरिया भी जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का करना चाहेगा।
भारत बनाम चीन – सुपर हिट मुकाबला
दिन का सबसे बड़ा और बहुप्रतीक्षित मैच भारत और चीन के बीच खेला जाएगा। सुपर-4 की अंक तालिका में फिलहाल भारत शीर्ष पर है, जबकि चीन दूसरे स्थान पर। ऐसे में यह मुकाबला सेमीफाइनल जैसा ही माना जा रहा है क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। भारतीय टीम ने अब तक आक्रमण और डिफेंस दोनों में शानदार प्रदर्शन किया है। कप्तान और गोलकीपर के बीच बेहतरीन तालमेल ने टीम को मजबूती दी है। वहीं, चीन ने लगातार बेहतर खेल दिखाते हुए सभी को चौंकाया है। इस मैच पर हर किसी की नजरें टिकी हुई हैं।
दर्शकों का उत्साह..
राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह चरम पर है। भारतीय समर्थक तिरंगा लहराते हुए “इंडिया-इंडिया” के नारों से माहौल गूंजा रहे हैं। दूसरी ओर चीन और कोरिया के समर्थक भी अपनी-अपनी टीम का हौसला बढ़ाने में जुटे हुए हैं।
बिहार में पहली बार बड़ा आयोजन
हॉकी प्रेमियों की बढ़ती संख्या यह साफ करती है कि बिहार में पहली बार हो रहे इतने बड़े आयोजन को लेकर जुनून असाधारण है। जैसे-जैसे शनिवार के मुकाबले आगे बढ़ेंगे, वैसे-वैसे फाइनल की तस्वीर भी साफ होती जाएगी।
वर्ल्ड कप का टिकट दांव पर..
इस टूर्नामेंट का विजेता सीधे वर्ल्ड कप हॉकी के लिए क्वालीफाई करेगा। यही कारण है कि सभी टीमें जीत के लिए जी-जान से मैदान में उतर रही हैं। अब देखना यह होगा कि रविवार को फाइनल में कौन-सी दो टीमें भिड़ेंगी और कौन इस एशिया कप के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराएगी।
