दुबई: एशिया कप के छठे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी एक न चली। पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद पाकिस्तान केवल 127 रन ही बना सका।
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 40 और शाहीन अफरीदी ने 31 रन की पारी खेली। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। भारत की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए।

128 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर ही मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन बनाकर टीम को जीत की राह दिखाई। उनके अलावा अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों पर 31 रनों की आतिशी पारी खेली। तिलक वर्मा ने भी 31 गेंदों पर 31 रन बनाकर साझेदारी को मजबूती दी। पाकिस्तान की ओर से कोई भी मुख्य गेंदबाज सफलता हासिल नहीं कर सका। भारत के तीनों विकेट पार्ट टाइम स्पिनर साइम अय्यूब ने चटकाए।
इस मैच में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। बॉयकॉट ट्रेंड और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद स्टेडियम खचाखच भरा रहा। खास बात यह रही कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह दोनों टीमों की पहली भिड़ंत थी। इस जीत के साथ भारत ने सुपर फोर में जगह पक्की कर ली है। अब नजरें पाकिस्तान के अगले मैच पर टिकी होंगी, जहां अगर वह यूएई को हराता है तो एक बार फिर भारत-पाकिस्तान का मुकाबला सुपर फोर में देखने को मिल सकता है।
