रिकॉर्ड रूम शीघ्र बने, 10–12 अनुभागों के लिए पोटा केबिन की व्यवस्था करने के आदेश
देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई की स्थिति देखी और अनुभागों में बिखरी पुरानी फाइलों पर नाराज़गी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अनुभागों में फाइलों की वीडिंग प्रक्रिया नियमों के अनुसार एक माह के भीतर पूरी कर ली जाए।

मुख्य सचिव ने सचिव, सचिवालय प्रशासन को आदेश दिए कि रिकॉर्ड रूम के लिए उपयुक्त स्थान जल्द चिन्हित कर वहां आवश्यक फाइलों को व्यवस्थित रूप से रखने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने उन अनुभागों पर चिंता जताई जो एक ही कक्ष में संचालित हो रहे हैं और कहा कि 10–12 अनुभागों के लिए तात्कालिक रूप से पोटा केबिन उपलब्ध कराए जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर अपने अनुभागों का निरीक्षण करने तथा सचिवालय परिसर की मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
