अबू धाबी: एशिया कप में सुपर फोर की तस्वीर साफ हो गई है। ग्रुप-बी के करो या मरो वाले मुकाबले में अफगानिस्तान को श्रीलंका ने 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस नतीजे के साथ ही ग्रुप-बी से श्रीलंका और बांग्लादेश, जबकि ग्रुप-ए से भारत और पाकिस्तान ने अगले दौर में जगह बना ली है।
मैच की बात करें तो अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मोहम्मद नबी की तूफानी पारी की बदौलत 20 ओवर में 169 रन बनाए। नबी ने मात्र 22 गेंदों में 60 रन ठोके, जिसमें 3 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि उन्होंने एक ही ओवर में लगातार 5 छक्के भी जड़े। हालांकि, उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने कुसल मेंडिस की नाबाद 74 रनों की पारी (52 गेंद, 10 चौके) के दम पर 18.4 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। श्रीलंका ने अपने ग्रुप स्टेज के सभी तीन मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि बांग्लादेश दो जीत के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
अब सुपर फोर में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश खिताबी जंग के लिए आमने-सामने होंगे। कल भारत और ओमान के बीच ग्रुप चरण का आखिरी मैच खेला जाएगा, जो भारत के लिए केवल औपचारिकता भर रहेगा क्योंकि टीम पहले ही सुपर फोर में जगह बना चुकी है।

