रुद्रपुर: नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और किच्छा कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 152.39 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 8 लाख रुपए आंकी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि लालपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति स्मैक की खेप लेकर आने वाला है। सूचना पर टीम ने किच्छा पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान संतोख सिंह निवासी लालपुर (गुरुद्वारे के पास) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह स्मैक की सप्लाई बरेली से लाकर जिले में ऊंचे दामों पर करता था।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने युवाओं और आमजन से अपील की कि नशे से दूर रहें और किसी भी तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गौरतलब है कि एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट द्वारा जनवरी 2025 से अब तक मादक पदार्थों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान 11 किलो 981 ग्राम चरस (कीमत लगभग 5.9 करोड़), 1 किलो 356 ग्राम हेरोइन/स्मैक (कीमत करीब 40.6 करोड़), 7 ग्राम 41 मिलीग्राम एमडीएमए और 2 किलो 513 ग्राम अफीम (कीमत लगभग 7.5 लाख) बरामद की जा चुकी है।
एएनटीएफ की यह कार्रवाई नशे के बढ़ते नेटवर्क पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में और सख्त कदम उठाए जाएंगे।
