Udayprabhat
Entertainmentदेश

71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से झूमा शाहरुख खान का परिवार, शाहरुख खान को मिला बेस्ट एक्टर का सम्मान

मुंबई: भारतीय सिनेमा जगत के लिए 23 सितंबर की शाम बेहद खास रही। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का आयोजन भव्य तरीके से किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को उनकी सुपरहिट फिल्म ‘जवान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (बेस्ट एक्टर) का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। यह सम्मान उनके करियर की सबसे अहम उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

समारोह में शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और करण जौहर जैसे दिग्गज कलाकारों को भी सम्मानित किया गया, वहीं मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में आयोजित इस आयोजन में विजेताओं को रजत कमल और पदक प्रदान किए।

शाहरुख खान का बड़ा पल, फैमिली का जश्न

शाहरुख खान के राष्ट्रीय पुरस्कार जीतते ही उनके परिवार ने भी अपनी खुशी को खुलकर जाहिर किया। उनकी पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना और बेटे आर्यन खान ने सोशल मीडिया पर किंग खान की तस्वीरें साझा करते हुए इस उपलब्धि को सेलिब्रेट किया। सुहाना और आर्यन ने अपने पोस्ट में लिखा – “आप हमेशा कहते थे कि आप कभी सिल्वर मेडल नहीं जीतते, सिर्फ गोल्ड मेडल हारते हैं। लेकिन यह सिल्वर मेडल भी गोल्ड से कम नहीं है। आपको प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार पाते देखकर दिल खुश हो गया। बधाई हो पापा, हम आपसे प्यार करते हैं।”

पोस्ट के साथ दोनों ने शाहरुख की दो तस्वीरें शेयर कीं—एक में वह ब्लैक सूट में सेल्फी लेते दिख रहे हैं, गले में राष्ट्रीय पुरस्कार का सिल्वर मेडल लटकाए। वहीं, दूसरी तस्वीर पुरस्कार समारोह से पहले की है।

गौरी खान और सेलेब्स की प्रतिक्रियाएँ

सुहाना-आर्यन के पोस्ट पर गौरी खान ने कमेंट करते हुए लिखा, “वॉव, लव यू ऑल।” फिल्ममेकर फराह खान ने भी अपनी दोस्ती निभाते हुए लिखा, “कितना प्यारा है ये। सोने को चांदी मिल गई।” इसके अलावा जूही चावला, अनन्या पांडे, शनाया कपूर और अन्य सेलेब्स ने भी शाहरुख खान पर प्यार बरसाया।

गौरी खान ने इंस्टाग्राम पर शाहरुख की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “शाहरुख, ये कैसा सफर रहा है? राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने पर बधाई। यह आपकी सालों की मेहनत और लगन का नतीजा है। अब मैं इस पुरस्कार के लिए एक खास मेंटल डिजाइन कर रही हूं।”

इसके अलावा गौरी ने एक और पोस्ट शेयर किया, जिसमें शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और करण जौहर को एक साथ बधाई दी। उन्होंने लिखा, “मेरे तीनों पसंदीदा कलाकारों के लिए आज का दिन बहुत खास है। यह आपकी कड़ी मेहनत का फल है। प्रेरित करते रहिए शाहरुख, रानी और करण।”

रानी मुखर्जी और करण जौहर को सम्मान

71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में रानी मुखर्जी और करण जौहर को भी सम्मानित किया गया। दोनों कलाकारों ने इसे अपने करियर का गौरवपूर्ण क्षण बताया। रानी मुखर्जी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा, जबकि करण जौहर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए पूरी टीम और फैंस को धन्यवाद दिया।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान है। शाहरुख खान का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार विक्रांत मैसी के साथ साझा हुआ, जिन्हें ‘12वीं फेल’ में दमदार अभिनय के लिए सम्मान मिला।

Leave a Comment