देहरादून: राजधानी में आज भारतीय जनता पार्टी की राज्य स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस कार्यशाला का मुख्य एजेंडा वर्ष 2027 में जीत की हैट्रिक और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना रहा।
कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति और धरोहरों को संजोने के साथ ही राष्ट्र चेतना को मजबूत किया जा रहा है। भारत अपनी जड़ों से जुड़ते हुए विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। सीएम ने यह भी कहा कि पीएम मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं शुरू कीं। नेक्स्ट जेन GST के जरिए आमजन और व्यापारियों को राहत दी गई है।
उधर, हाल ही में भाजपा की नई टीम ने प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी संभाली है। कार्यकारिणी में कुंदन परिहार और तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं, पहली बार महिला महामंत्री के रूप में दीप्ति भारद्वाज को अहम जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश कार्यालय सचिव का पदभार जगमोहन सिंह रावत ने संभाला है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य फोकस मिशन 2027 और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है। इसमें चर्चा हुई कि कैसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की टीम को बूथों तक सक्रिय किया जाए और संगठन के कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
कार्यशाला में यह भी तय किया गया कि बूथ स्तर पर संगठन के सभी प्रकोष्ठों और मोर्चों की इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि पार्टी मजबूत आधार पर आगे बढ़ सके और 2027 में जीत की हैट्रिक हासिल कर सके।
