Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशन

टिहरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी एसपी ने दिया इस्तीफा, जानिए कारण?

देहरादून: उत्तराखंड के शिक्षा विभाग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। टिहरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) एसपी सेमवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्य के शिक्षा सचिव रविनाथ रमन को पत्र लिखकर भेजा है। पत्र में उन्होंने प्रमोशन न मिलने और उपेक्षा का शिकार होने को इस्तीफे का मुख्य कारण बताया है।

जानकारी के मुताबिक, एसपी सेमवाल का प्रमोशन फरवरी 2025 में अपर निदेशक पद पर होना था। हालांकि, आठ महीने बीत जाने के बावजूद भी उन्हें इसका लाभ नहीं मिला। पत्र में उन्होंने साफ लिखा कि वे प्रमोशन के लिए पूरी तरह योग्य हैं, बावजूद इसके उनकी अनदेखी की गई। लगातार उपेक्षा और हक न मिलने से नाराज होकर उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया।

सेमवाल ने अपने इस्तीफे में उल्लेख किया कि लंबे समय तक मेहनत करने के बाद भी यदि अधिकार और सम्मान न मिले तो काम करने का मनोबल टूटता है। उन्होंने इसे व्यक्तिगत अपमान और पेशेवर उपेक्षा बताया।

इधर, उत्तराखंड में शिक्षकों का आंदोलन भी जोर पकड़ता जा रहा है। राज्य के करीब 25 हजार शिक्षक अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सड़क पर हैं। इनमें प्रधानाचार्य पद पर सीधी भर्ती को रद्द करना, शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू करना और तबादला नीति लागू करना शामिल है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री को अपने खून से लिखे 20 हजार पत्र भेजने का ऐलान भी किया गया है।

Leave a Comment