Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में एमडीडीए ने अवैध निर्माणों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, तीन बहुमंजिला भवन सील

देहरादून: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए तीन बहुमंजिला भवनों पर सील कार्रवाई की। यह कार्रवाई शहर में नियमों की अनदेखी करने वाले बिल्डरों के लिए एक चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।

एमडीडीए की टीम ने पेसेफिक गोल्फ सहस्रधारा रोड पर मयंक गुप्ता, कुल्हान मानसिंह सहस्रधारा रोड पर सूरजा हैदर और नेहरू कॉलोनी आवास विकास में वैभव बजाज के अवैध निर्माणों को सील किया। कार्रवाई के बाद निर्माण स्थलों पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला और बिल्डरों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेंद्र सिंह रावत, अवर अभियंता गौरव तोमर, विदिता सुपरवाइज़न, सहायक अभियंता राजेंद्र बहुगुणा और अवर अभियंता यशपाल मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और प्लाटिंग को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की मंजूरी के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपाध्यक्ष ने बताया कि एमडीडीए का उद्देश्य नागरिकों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और नियामक ढांचे के अनुरूप शहरी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे केवल प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत निर्माण ही कराएं और अवैध निर्माण के खिलाफ एमडीडीए की कार्रवाई में सहयोग करें।

एमडीडीए का यह अभियान पूरे शहर में जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। यह कार्रवाई शहर में शहरी नियमन और सुरक्षित निर्माण सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment