Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून के परेड ग्राउंड में दशहरा मेले की तैयारियों जोरों पर, रावण-पुतला और लंका सजावट के साथ होगी भव्य आगजनी

विजयदशमी पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले का दहन, आतिशबाजी के लिए विशेष व्यवस्था; सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई.

देहरादून: राजधानी देहरादून में दशहरा पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के प्रमुख स्थल परेड ग्राउंड में इस साल भव्य दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर 121 फीट लंबा रावण का पुतला लगाया गया है। इसके अलावा 70 और 60 फीट लंबे कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले भी तैयार किए जा रहे हैं।

हर साल बन्नू बिरादरी की ओर से आयोजित इस मेले में इस बार भी परेड ग्राउंड को विशेष रूप से सजाया गया है। रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले के साथ ही रावण की लंका का स्ट्रक्चर भी तैयार किया जा रहा है। विजयदशमी पर इन पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही आतिशबाजी के लिए अलग स्थान चिन्हित किया गया है, जहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई है, ताकि लोग सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

परेड ग्राउंड में सुरक्षा के लिहाज से कई अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। हर साल दशहरा मेला में हजारों लोग आते हैं, इसलिए इस बार भी प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कदम उठाए हैं। मेले के दौरान चारों तरफ बैरिकेड लगाए गए हैं और आग से बचाव के उपाय किए गए हैं।

रावण पुतला लगाने के बाद से ही लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। लोग ग्राउंड में पहुंचकर पुतलों के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। परंपरा अनुसार विजयदशमी के दिन मुख्यमंत्री भी पुतला दहन समारोह में शामिल होते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस साल भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस भव्य आयोजन में मौजूद रहेंगे।

सभी व्यवस्थाएं 1 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएंगी, ताकि 2 अक्टूबर को होने वाले विजयदशमी पर्व के मौके पर मेले का संचालन सुचारू रूप से हो सके। इस मेले में रंगारंग कार्यक्रम और आतिशबाजी का भी आनंद लिया जा सकेगा।

 

Leave a Comment