गैरसैंण: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुक्रवार को राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. ऋतु खंडूड़ी भूषण और विधायक अनिल नौटियाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लिए नारे लगाए और रामलीला मैदान में एक स्वर में “वंदे मातरम” गाकर देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा रैली मुख्य बाजार, डाक बंगला रोड और तहसील कार्यालय होते हुए पुनः मुख्य बाजार तक पहुंची।

इस रैली में श्री गुरु राम राय, सरस्वती विद्या मंदिर, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, जेएसएनएसएन, आदर्श पब्लिक स्कूल, सीडलिंग स्कूल सहित अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “1950 में इसे राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया गया और आज यह गीत हमें 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा करने की प्रेरणा देता है।”

वहीं विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि “वंदे मातरम” ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश को एक सूत्र में बांधा और आज भी यह गीत एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम छू रहा है और हमें इसी एकता की भावना को आगे बढ़ाना होगा।”

