मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता-निर्देशक संजय खान की पत्नी और अभिनेता जायद खान व सुजैन खान की मां जरीन खान का शुक्रवार सुबह 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं।
खान परिवार ने जरीन खान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक की इस घड़ी में निजता की अपील की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जरीन खान का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम 4 बजे जुहू श्मशान घाट पर किया जाएगा, जबकि सोमवार को मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में एक प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।
उनके निधन की खबर मिलते ही फिल्म जगत से जुड़े कई सितारे श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे। इनमें शबाना आजमी, जया बच्चन, रकुल प्रीत सिंह, जैकी भगनानी, अली गोनी, और जैस्मीन भसीन सहित कई अन्य हस्तियां शामिल रहीं।
जरीन खान के परिवार में उनके पति संजय खान, बेटा जायद खान, और बेटियां सुजैन खान, फराह खान अली, तथा सिमोन अरोड़ा हैं। हाल ही में इस वर्ष अप्रैल में संजय और जरीन खान ने अपनी 59वीं वैवाहिक वर्षगांठ मनाई थी।
गौरतलब है कि संजय खान से विवाह (1966) से पहले जरीन खान ने हिंदी सिनेमा में भी अपना एक छोटा लेकिन यादगार सफर तय किया था। उन्होंने ‘तेरे घर के सामने’ और ‘एक फूल दो माली’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय और जरीन की पहली मुलाकात एक बस स्टॉप पर हुई थी, जो आगे चलकर जीवनभर के रिश्ते में बदल गई।
