नैनीताल: ऑनलाइन गेमिंग एप के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नैनीताल पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अलग-अलग शहरों के रहने वाले चार आरोपियों—शुभम गुप्ता (अलवर), पियूष गोयल (बुलंदशहर), ऋषभ कुमार (गाज़ियाबाद) और मोहित राठी (गुरुग्राम)—को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ज्योलीकोट चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी युवक स्थानीय लोगों को ऑनलाइन गेमिंग एप पर निवेश कराने के बहाने उनके बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराने के लिए प्रलोभन दे रहे हैं। खाते उपलब्ध कराने के बदले आने वाली राशि का तीन प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया जा रहा था।
सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान भुजियाघाट से ज्योलीकोट आ रहे एक वाहन को रोका गया। वाहन चालक और अन्य सवारों की संदिग्ध भूमिका के चलते तलाशी में पुलिस को कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और संदिग्ध दस्तावेज मिले। पूछताछ में चारों ने स्वीकार किया कि वे लोगों के बैंक खाते लेकर ऑनलाइन गेमिंग ट्रांजैक्शन में उनका दुरुपयोग करते थे।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के अनुसार, आरोपी इंटरनेट मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर भी लोगों को ठगते थे। साइबर सेल की जांच में एक आरोपी के ईमेल से जुड़े बैंक खाते में लाखों रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
