उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने जारी की भर्ती विज्ञप्ति
भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसम्बर
देहरादून। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय मेडिकल कालेजों में नर्सिंग अधिकारियों के रिक्त 587 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें राजकीय मेडिकल कालेज हरिद्वार व पिथौरागढ़ के रिक्त 480 पद और बैकलाग के 107 पद शामिल हैं। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने इसके लिये भर्ती विज्ञापन जारी कर अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन मांगे हैं। भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसम्बर निर्धारित की है।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि बीते एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत 287 चिकित्सकों और 180 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (महिला) के रिक्त पदों पर राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। विभागीय मंत्री ने बताया कि नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती के लिये आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 नवम्बर से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसम्बर निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि भर्ती के तहत नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिप्लोमाधारक के लिये 336 पद निर्धारित किये गये हैं। इसी प्रकार नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिग्रीधारक के लिये 144 पद जबकि नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिप्लोमाधारक 75 व नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिप्लोमाधारक के लिये 32 पद विज्ञापित किये गये हैं। नर्सिंग अधिकारियों के 587 पदों पर नियुक्ति से राजकीय मेडिकल कालेजों में स्वास्थ्य सुविधाएँ और अधिक सुदृढ़ होंगी। इससे उपचार प्रक्रियाएँ न केवल तत्पर और प्रभावी बनेंगी।
