हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने भारत सरकार से पुरुष आयोग तथा पुरुष कल्याण मंत्रालय के गठन की मांग उठाई है। संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं सदस्य खुशी नागर के नेतृत्व में संस्था पदाधिकारियों ने हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ज्ञापन भेजा।
इस दौरान संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू व मार्गदर्शक मीना जोशी ने संयुक्त रूप से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने विशेष कानूनों का कुछ लोग दुरुपयोग कर निर्दोष पुरुषों को छेड़छाड़, दहेज, मारपीट, यौन उत्पीड़न व बलात्कार जैसे झूठे मामलों में फंसा रहे हैं। इससे पुरुषों का सामाजिक सम्मान नष्ट होता है, आर्थिक बोझ बढ़ता है तथा मानसिक तनाव के चलते कई पुरुष आत्महत्या तक करने पर विवश हो जाते हैं। संस्था ने कहा कि यदि पुरुष आयोग व पुरुष कल्याण मंत्रालय होता तो फर्जी मामलों में फंसे पुरुषों को राहत मिलती, साक्ष्यों पर न्याय होता और उन्हें क्षतिपूर्ति व सहायता भी प्राप्त होती। ज्ञापन में सरकार से विशेष तौर पर ऐसे कानून बनाने की मांग की गई, जिनसे महिलाओं द्वारा विशेष अधिकारों के दुरुपयोग पर कठोर कार्रवाई हो सके और पुरुषों व महिलाओं के बीच बढ़ रहे मतभेद समाप्त हों।
