‘हर खिलाड़ी चैंपियन है’… PM मोदी ने भारतीय ब्लाइंड महिला टीम को दी बधाई
भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम ने 23 नवंबर को नेपाल को सात विकेट से हराकर पहला ब्लाइंड विमेंस T20 वर्ल्ड कप जीत लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खिलाड़ियों के जज्बे और प्रदर्शन की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि टीम की यह जीत कड़ी मेहनत, लगन और टीमवर्क का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय ब्लाइंड महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए देश का मान बढ़ाया है। पीएम ने पोस्ट में लिखा, “हर खिलाड़ी एक चैंपियन है। यह कामयाबी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी।”
गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि ब्लाइंड महिला टीम की यह सफलता भारतीय खेल इतिहास का गौरव बढ़ाने वाली है। उन्होंने लिखा कि खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता और देश के लिए खेलने का जुनून उनके प्रदर्शन में साफ दिखता है।

कोलंबो में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले शानदार गेंदबाजी करते हुए नेपाल को 114/5 के स्कोर पर रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने मात्र 12 ओवर में तीन विकेट खोकर खिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, अमेरिका, पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शामिल थीं। भारत ने लीग चरण में सभी मुकाबलों में जीत हासिल की और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत और श्रीलंका ने संयुक्त रूप से किया था, जबकि लीग मैच दिल्ली और बेंगलुरु में भी खेले गए। पहली बार आयोजित इस वर्ल्ड कप में भारत का विजय अभियान देश के लिए एक नई मिसाल बनकर सामने आया है।
