धर्मेंद्र की हाल ही में मौत की अफवाह फैली थी, जिससे पूरा परिवार नाराज हो गया था. आज एक्टर ने अलविदा कह दिया.
मुंबई: हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता और ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे दिग्गज अभिनेता ने आज अंतिम सांस ली। उनके घर एंबुलेंस पहुंचने की जानकारी सामने आते ही फैंस एक बार फिर चिंतित हो गए थे, क्योंकि कुछ समय पहले भी उनकी मौत की अफवाह फैली थी जिससे परिवार बेहद आहत हुआ था।
हाल ही में धर्मेंद्र को तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह करीब 11 दिनों तक आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहे। इस दौरान उनकी अस्पताल से जारी वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी, जिसमें उनकी पत्नी प्रकाश कौर, बेटे सनी देओल, बॉबी देओल और दोनों बेटियां उनके साथ नजर आई थीं।

आज ही उनकी आगामी फिल्म इक्कीस का पहला लुक पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें वह लीड एक्टर अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। यह उनके करियर की अंतिम फिल्म होगी, जो 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।
धर्मेंद्र ने 1960 में फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से अपने करियर की शुरुआत की और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने हकीकत, चुपके-चुपके, ड्रीम गर्ल, धर्म वीर, मेरा गाँव मेरा देश, गजब, राजा जानी, अपने जैसी अनेक सुपरहिट फिल्मों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके निधन से पूरे देश और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
