जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश, जवाबदेही तय
लापरवाही बरतने पर निलंबन की चेतावनी, दो दिन भी प्रस्तुत करें रिपोर्ट
देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी परिसंपत्तियों को अतिक्रमणमुक्त करने की प्रगति की अन्तर्विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस भी विभाग के अधीन सरकारी भूमि, भवन, मार्ग, नहर, कार्यालय परिसर अथवा अन्य परिसंपत्तियों पर अवैध अतिक्रमण की जानकारी है, उसे समयबद्ध रूप से हटाया जाए। कहा कि मुख्यमंत्री व शासन स्तर पर अतिक्रमण हटाने के कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है, इसलिए प्रत्येक विभाग की प्रगति समयसीमा के भीतर सुनिश्चित होनी चाहिए।
कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। कहा कि निर्धारित समयसीमा पर कार्यवाही न हुई तो संबंधित अधिकारी पर वेतन रोकने, निलंबन व सेवा बाधित की कार्यवाही की जाएगी। कहा कि जिन विभागों की भूमि पर कोई अतिक्रमण नहीं है, वह इस बाबत आज ही प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें जिसे गूगल सीट पर अपडेट किया जाए। डीएम ने साफ तौर पर कहा कि अधिकारी महज चिठ्ठीबाजी से बाज आएं। उन्होंने इओ हरबर्टपुर को दी है कि यदि दो दिन में अतिक्रमण न हटाया तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण न केवल सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न करता है, बल्कि सार्वजनिक सुविधा और कानून-व्यवस्था भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपनी परिसंपत्तियों का अद्यतन विवरण व अतिक्रमण की स्थिति रिपोर्ट दो दिन के भीतर प्रस्तुत करें। कहा कि प्रगति न दिखाने वाले विभागीय अधिकारियों की पर जवाबदेही तय की जाएगी तथा उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी, साइट मैपिंग, राजस्व रिकार्ड के मिलान व सुरक्षा व्यवस्था जैसी प्रक्रियाएं अनिवार्य रूप से अपनाई जाएं, ताकि आगे किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, सिंचाई, लोक निर्माण, वन व अन्य विभाग आपसी समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाएं। बैठक में प्रभारी वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, नगर आयुक्त ऋषिकेश गोपाल राम बिनवाल, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार, उप जिलाधिकारी हरिगिरी, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
