Udayprabhat
uttrakhand

डीएम प्रतीक जैन ने जिला अस्पताल का किया आकस्मिक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत आई सामने

डीएम बोले सीटी स्कैन मशीन जल्द होगी संचालित, डीजी हेल्थ से किया पत्राचार, सर्जरी विभाग शुरू करने को लेकर शासन से होगी सर्जन की मांग

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के सबसे युवा और सक्रिय जिलाधिकारियों में शामिल डीएम प्रतीक जैन एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में हैं। कभी 22 किलोमीटर पैदल चलकर केदारनाथ मार्ग की व्यवस्थाओं की जांच करने वाले डीएम जैन इस बार स्वास्थ्य प्रणाली की वास्तविक स्थिति जानने अचानक जिला अस्पताल पहुंचे।

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने मंगलवार को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और विभिन्न विभागों के कामकाज का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार लागू करना था।

मरीजों और तीमारदारों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया। अधिकांश लोगों ने अस्पताल की सेवाओं को संतोषजनक बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

सीटी स्कैन मशीन जल्द होगी शुरू, तकनीशियन की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी

अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ से चर्चा करते हुए डीएम ने कहा कि प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से व्यवहार आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सीटी स्कैन मशीन के संचालन के लिए एक अतिरिक्त तकनीशियन की नियुक्ति जरूरी है, जिसके लिए डीजी हेल्थ को पत्र भेजा गया है। नियुक्ति के बाद जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बाहरी जांच केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

सर्जरी विभाग शुरू करने की तैयारी, शासन से मांगे जाएंगे सर्जन

डीएम जैन ने बताया कि जिला अस्पताल में सर्जरी विभाग प्रारंभ करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके लिए शासन को सर्जन की मांग भेजी जाएगी, ताकि सामान्य से लेकर जटिल ऑपरेशन तक की सुविधा यहीं उपलब्ध हो सके।

अस्पताल प्रबंधन को दिए स्वच्छता और समयबद्ध सेवाओं के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि स्वच्छता, मशीनों की कार्यशीलता और मरीजों की मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। सभी उपकरण पूरी तरह कार्यशील रहें और मरीजों को समय पर सेवाएं मिलें।

डीएम जैन ने बताया कि जिले के सभी एसडीएम ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के अस्पतालों का निरीक्षण किया है। इस सामूहिक निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पूरे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहतर बनी रहे और कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

 

 

Leave a Comment