विशाल रैली में बोले-लोकसभा में विपक्ष के नेता
पारदर्शी चुनाव हो तो भाजपा एक भी चुनाव नहीं जीते
कहा- सत्य और असत्य के बीच हो रही लड़ाई
नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर ईमानदारी से चुनाव नहीं करा रहा है। वह सरकार की मदद कर रहा है और लोकतंत्र को खत्म रहा है।
चुनाव की घोषणा से लेकर वोटर लिस्ट, मतदान, मतगणना, ईवीएम सबका इस्तेमाल आयोग भाजपा को मदद पहुंचाने के लिए कर रहा है। अगर आयोग पारदर्शी तरीके से काम करे तो भाजपा एक भी चुनाव नहीं जीत सकती है। राहुल गांधी और प्रियंका ने रविवार को यहां रामलीला मैदान में पार्टी की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नाम से आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में इस समय सत्य और असत्य के बीच लड़ाई हो रही है। कांग्रेस सच्चाई के रास्ते पर है और भाजपा तथा आरएसएस असत्य की राह पर चलकर सिर्फ चुनाव जीतने की साजिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य को महत्व देते थे और कांग्रेस उनके दिखाए सत्य के रास्ते पर चल रही है लेकिन आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कहते हैं कि सत्य नहीं ‘सत्ता’ जरूरी है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि भाजपा की सरकार वोट चोरी से बनी है और असत्य की नींव पर टिकी इस सरकार की असलियत अब उजागर हो गयी है इसलिए देश को गुमराह करने वाली सरकार को सत्ता से बाहर करना जरूरी हो गया है।
