तमिलनाडु के छात्र भारत भ्रमण पर उत्तराखंड पहुंचे थे. ये छात्र एफआरआई की ओर जा रहे थे. तभी रास्ते में हादसा हो गया.
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सेंट ज्यूड चौक के पास तमिलनाडु से आए छात्रों से भरी एक निजी बस में अचानक आग लग गई, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 40 छात्र ऑल इंडिया टूर पर तमिलनाडु से उत्तराखंड आए थे और सुबह हरिद्वार से देहरादून स्थित एफआरआई भ्रमण के लिए निकले थे। सेंट ज्यूड चौक के पास पहुंचते ही बस के इंजन से धुआं उठने लगा, जो कुछ ही देर में बस के भीतर फैल गया। धुआं देखते ही छात्रों में चीख-पुकार मच गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और बस के दरवाजों व खिड़कियों से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
