देहरादून: राज्य में खेलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ को अब मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में आयोजित किया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्य ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 दिसंबर से होगा।
खेल मंत्री ने जानकारी दी कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में न्याय पंचायत स्तर, दूसरे चरण में विधानसभा स्तर, तीसरे चरण में संसदीय क्षेत्र स्तर और चौथे चरण में राज्य स्तरीय मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में कुल 26 खेल विधाओं को शामिल किया गया है, जिनमें पारंपरिक और ट्रेडिशनल खेलों पर विशेष फोकस रहेगा।
चार चरणों में चलने वाली इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला और समापन समारोह 28 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। राज्य स्तरीय विजेता टीम या खिलाड़ी को मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेताओं का चयन उनके द्वारा जीते गए पदकों के आधार पर प्राप्त अंकों की कुल गणना से किया जाएगा।
इसके अलावा संसदीय स्तर पर विजेता रहने वाले रनर-अप खिलाड़ी या टीम को 2 लाख रुपये, जबकि विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं यदि कोई खिलाड़ी प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है, तो उसे 1 लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 14 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। अब तक प्रदेश भर से करीब 1 लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 दिसंबर निर्धारित की गई है।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था
इस प्रतियोगिता में दिव्यांग खिलाड़ियों को भी समान अवसर प्रदान किए गए हैं। एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी सहित विभिन्न खेलों में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग से प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खेल मंत्री ने बताया कि दिव्यांग खिलाड़ी भी बड़ी संख्या में पंजीकरण करा रहे हैं और प्रतियोगिता को लेकर उनमें उत्साह देखा जा रहा है।
