Udayprabhat
uttrakhand

‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ डॉक्यूमेंट्री के टीजर व पोस्टर का सीएम धामी ने किया विमोचन, बताया प्रेरणादायक अध्याय

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज निर्देशक ऋषभ कोहली और प्रशांत उपाध्याय के निर्देशन में परिवर्तन पिक्चर के बैनर तले बनी डॉक्यूमेंट्री ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ उत्तराखण्ड के टीजर और पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री सामूहिक प्रयास, मानवीय संवेदनाओं और अद्वितीय समन्वय का जीवंत चित्रण है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन उत्तराखण्ड के इतिहास में एक प्रेरणादायक अध्याय के रूप में दर्ज हो चुका है, जहाँ सभी एजेंसियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर अभूतपूर्व कार्य किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से आमजन इस अभियान में प्रयुक्त तकनीकी दक्षता और राज्य के जज़्बे की झलक देख सकेंगे। यह फ़िल्म उत्तराखण्ड की ‘संकल्प और सेवा’ की भावना का प्रतीक है तथा युवा पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्मनिष्ठा का संदेश देगी।

डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक ऋषभ कोहली ने बताया कि यह फ़िल्म सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस ऐतिहासिक रेस्क्यू अभियान की कहानी को विस्तार से प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री न केवल तकनीकी चुनौतियों और मानव जुझारूपन को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखण्ड की जड़ों, भावनाओं और नेतृत्व की सच्ची तस्वीर भी सामने लाती है। उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग उत्तराखण्ड में की गई है और यह शीघ्र ही एक बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ की जाएगी।

Leave a Comment