Smriti Mandhana Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में उतरते ही मंधाना ने महिला टी20 इंटरनेशन क्रिकेट में 4000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बल्लेबाज बन गई हैं।

यह ऐतिहासिक मुकाम मंधाना ने रविवार को खेले गए मुकाबले में हासिल किया। मैच में उन्होंने 25 रनों की उपयोगी पारी खेली। भारत ने यह मुकाबला जेमिमा रोड्रिग्स की नाबाद 69 रन की शानदार पारी की बदौलत आठ विकेट से अपने नाम किया।
स्मृति मंधाना अब न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स के बाद महिला T20I क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली दुनिया की दूसरी खिलाड़ी हैं। बेट्स के नाम 177 मैचों में 4716 रन दर्ज हैं। खास बात यह है कि मंधाना ने यह उपलब्धि सबसे तेज हासिल की है। उन्होंने सिर्फ 3227 गेंदों में 4000 रन पूरे किए, जबकि सूजी बेट्स को इसके लिए 3675 गेंदों का सामना करना पड़ा था।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन
- 4716 रन – सुजी बेट्स (न्यूजीलैंड)
- 4007 रन – स्मृति मंधाना (भारत)
- 3654 रन – हरमनप्रीत कौर (भारत)
- 3473 रन – चमारी अथापत्थु (श्रीलंका)
- 3431 रन – सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड)
29 वर्षीय मंधाना ने वर्ष 2013 में भारत के लिए T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और अब तक 154 मुकाबले खेल चुकी हैं। उनसे पहले इस मैच में उतरने से पहले मंधाना को इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए 18 रनों की जरूरत थी। उन्होंने यह उपलब्धि पारी के पांचवें ओवर में चमारी अथापथ्थू की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर शानदार शॉट खेलकर हासिल की।
