लक्सर फ्लाईओवर पर फायरिंग केस का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी दबोचे
हरिद्वार: लक्सर कोतवाली क्षेत्र में पेशी के दौरान बदमाश विनय त्यागी पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक दरोगा और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि सूझबूझ से घायल की जान बचाने वाले एक पुलिसकर्मी और वाहन चालक को इनाम देने की घोषणा की गई है।
बुधवार को विनय त्यागी को लक्सर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान फ्लाईओवर पर दो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा और अजय के रूप में हुई है। दोनों को खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से दबोचा गया। पुलिस ने उनके पास से वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सन्नी यादव पूर्व में विनय त्यागी के साथ काम करता था। पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपी हार्डकोर अपराधी हैं और इनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई थीं, जबकि सुरक्षा के मद्देनज़र तीन प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई थी। घटना के बाद आरोपी बाइक छोड़कर पैदल फरार हो गए थे, जिसके आधार पर इलाके में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया।
