Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने नैनीताल को दी 114 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

कोटाबाग में घोड़ा लाइब्रेरी-पहाड़ पच्छयाण महोत्सव में सीएम ने की शिरकत

नैनीताल:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जनपद के विधानसभा कालाढूंगी क्षेत्र अंतर्गत कोटाबाग में आयोजित दो दिवसीय ‘घोड़ा लाइब्रेरी-पहाड़ पच्छयाण’ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से 114 करोड़ 69 लाख रुपये से अधिक की लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोड़ा लाइब्रेरी की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के लिए आशा की किरण है, जो पुस्तकों के माध्यम से शिक्षा, संस्कार और सपनों को नई उड़ान दे रही है। उन्होंने कहा कि पच्छयाण महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी लोक संस्कृति, पुस्तकों और प्रकृति से जोड़ने का एक अभिनव और प्रेरणादायी प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपील की कि वह पुस्तकों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में घोड़ा लाइब्रेरी की सराहना इस बात का प्रमाण है कि यह नवाचार राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रेरणा बन चुका है।

इस अवसर पर धामी ने एक करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बने पशु चिकित्सालय नैनीताल के भवन निर्माण व आंवलाकोट के तोक भटलानी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्याकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 112 करोड़ 73 लाख रुपये की 10 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनमें विद्युत उपकेंद्र, मोटर मार्ग, पुल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और शैक्षणिक संस्थानों के विकास से जुड़े कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में विद्युत और यातायात सुविधाओं में सुधार होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधन किया। मुख्यमंत्री ने महोत्सव में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया और विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की सराहना की।

Leave a Comment