Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

इस साल टी20 इंटरनेशनल में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच जीतने वाले खिलाड़ी अभिषेक शर्मा

साल 2025 टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए अब तक बेहद शानदार साबित हुआ है। 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से टीम इंडिया ने इस फॉर्मेट में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने एक भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई, जिसका असर व्यक्तिगत पुरस्कारों पर भी साफ नजर आया।

2025 में भारतीय टीम ने कुल 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिनमें से 15 मैचों में जीत दर्ज की, जबकि सिर्फ 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। दो मैच बेनतीजा रहे और एक मुकाबला टाई समाप्त हुआ। इस शानदार प्रदर्शन के चलते मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड्स पर भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।

इस साल टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बने अभिषेक शर्मा, जिन्होंने तीन बार यह सम्मान हासिल किया। उनके अलावा अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो बार मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।

टी20I 2025 में मैन ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय

इस सूची में सबसे ऊपर अभिषेक शर्मा का नाम है. उन्होंने 2025 में खेले गए 21 टी20 इंटरनेशनल मैच में 43 की औसत से कुल 895 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल है. इस दौरान उका स्ट्राइक रेट 193 का रहा. पावरप्ले में तेज रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है.

अर्शदीप सिंह – 2 मैन ऑफ द मैच (12 मैच)

भारत के भरोसेमंद लेफ्ट-आर्म पेसर अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 12 मैचों में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतकर अपनी अहमियत साबित की. डेथ ओवर्स में उनकी सटीक यॉर्कर और दबाव में विकेट निकालने की क्षमता ने कई मैचों का रुख भारत के पक्ष में मोड़ा. इस साल अर्शदीप ने कुल 12 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 15 विकेट लिए.

कुलदीप यादव – 2 मैन ऑफ द मैच (10 मैच)


स्पिन विभाग में कुलदीप यादव का जलवा भी बरकरार रहा. उन्होंने 10 मैचों में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किए. मिडिल ओवर्स में उनकी कलाई की फिरकी ने विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और मैच जिताऊ स्पेल डाले. अपने 10 मैच उन्होंने 21 विकेट निकाले.

तिलक वर्मा – 2 मैन ऑफ द मैच (20 मैच)

युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 20 मुकाबलों में 2 बार मैन ऑफ द मैच बने. मिडिल ऑर्डर में टिककर खेलना और मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाना तिलक की खास पहचान बन चुकी है. उन्होंने इस साल कुल 20 मैच खेले हैं जिसमें 47 की औसत से कुल 567 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक भी लगाए.

वरुण चक्रवर्ती – 2 मैन ऑफ द मैच (20 मैच)

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी 20 मैचों में 2 मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते. उनकी अनोखी गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ ने टी20 फॉर्मेट में भारत को बड़ा हथियार दिया. अपने 20 मैच में वरुण ने 14 की औसत से 36 विकेट लिए, जिसमें 24 रन देकर 5 विकेट लेने का स्पेल उनका सबसे शानदार स्पेल रहा.

Leave a Comment