थलापति विजय ने 33 साल के फिल्मी करियर के बाद फिल्मों से संन्यास का ऐलान
मुंबई : साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार थलापति विजय ने अपने 33 साल लंबे फिल्मी करियर के बाद सिनेमा से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। अभिनेता की यह घोषणा उनके फैंस के लिए चौंकाने वाली है, लेकिन उन्होंने इसे फैंस के प्रति सम्मान और आभार जताने का कदम बताया।
विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ होगी, जो अगले साल जनवरी में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। बीते 27 दिसंबर को मलेशिया में फिल्म का ऑडियो लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया, जिसमें फैंस की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर विजय ने अपने फैंस से सीधे जुड़ते हुए कहा कि उनके लिए सबसे अहम बात यह है कि लोग थिएटर में उनके लिए लाइन में खड़े होते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने सिनेमा से संन्यास इसलिए लेने का निर्णय किया है ताकि वह फैंस के लिए हमेशा यादगार बने रहें। उनका कहना था, “मैं अगले 30-33 साल अपने फैंस के लिए खड़ा रहना चाहता हूं। यही कारण है कि मैं फिल्मों से विदा ले रहा हूं।”
33 साल के करियर में विजय ने एक्शन, रोमांस और सोशल ड्रामा जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। उनकी फिल्में हमेशा बॉक्स ऑफिस पर हिट रही हैं और उन्होंने साउथ इंडस्ट्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाई है।
फैंस के लिए यह समय भावुक और यादगार है। ‘जन नायकन’ उनके फैंस के लिए एक अंतिम तोहफा और यादगार विदाई साबित होगी। थलापति विजय का करियर केवल फिल्मों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने काम और व्यक्तित्व से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
