Udayprabhat
uttrakhandदेश

देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या का मामला, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में एंजेल चकमा पर कुछ युवकों द्वारा हमला करते हुए देखा गया है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और इसे लेकर नस्लीय हिंसा के आरोप लगाए जा रहे हैं।

त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के निवासी 24 वर्षीय एंजेल चकमा देहरादून में एमबीए फाइनल ईयर का छात्र था और अपने भाई के साथ सेलाकुई में रहकर पढ़ाई कर रहा था। आरोप है कि 9 दिसंबर को बाजार में कुछ युवकों द्वारा नस्लीय टिप्पणी किए जाने पर विवाद हुआ, जिसके बाद एंजेल चकमा पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में उसका भाई भी घायल हुआ, जबकि एंजेल को गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान 26 दिसंबर को ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई।


मृतक के भाई माइकल चकमा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अविनाश नेगी, शौर्य राजपूत, सूरज खवास, सुमित और आयुष बडोनी शामिल हैं। एक नाबालिग आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम नेपाल भेजी गई है।

घटना के बाद उत्तराखंड में पढ़ रहे अन्य राज्यों, विशेषकर नॉर्थ ईस्ट के छात्रों में चिंता का माहौल है। छात्रों ने नस्लीय टिप्पणियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध जताया है। वहीं, पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सभी छात्रों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लिया है और मृतक के परिजनों से बात की है। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी सबूतों के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने छात्रावासों और बाहरी राज्यों के छात्रों के रहने वाले इलाकों में सुरक्षा भी बढ़ा दी है।

Leave a Comment