Udayprabhat
uttrakhand

शिकायत के बाद प्रशासन की सख्ती, अवैध खनन व भंडारण पर लाखों का जुर्माना

चंपावत: चंपावत जिले में अवैध खनन और खनन भंडारण नियमों के उल्लंघन पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। टनकपुर उपजिलाधिकारी आकाश जोशी और जिला खनन अधिकारी चित्रा जोशी ने संयुक्त अभियान के तहत टनकपुर के ज्ञानखेड़ा क्षेत्र में औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध उपखनिज परिवहन और भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने कुल ₹7.35 लाख का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण में सामने आया कि स्वीकृत तीन उपखनिज रिटेल भंडारण स्थलों पर नियमों के अनुसार न तो चारदीवारी अथवा कवर फेंसिंग बनाई गई थी और न ही धर्मकांटा स्थापित किया गया था। इसके अलावा कई अन्य शर्तों का भी उल्लंघन पाया गया। प्रशासन ने भंडारण संचालकों को 15 दिवस के भीतर नियमों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर फोटोग्राफी सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

उधर, उधम सिंह नगर जिले में भी अवैध मिट्टी खनन के मामलों पर प्रशासन सख्त है। सितारगंज क्षेत्र में राजस्व टीम से अभद्रता के मामले में अज्ञात खनन माफियाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Comment