Udayprabhat
uttrakhand

बीजेपी पार्षद ने युवक की गोली मारकर की हत्या, आरोपी हिरासत में

हल्द्वानी में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. युवक की हत्या का आरोप एक बीजेपी पार्षद पर लगा है.

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में देर रात गोलीकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीजेपी समर्थित निगम पार्षद द्वारा एक युवक को गोली मारने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान जज फार्म निवासी नितिन के रूप में हुई है। आरोप है कि हल्द्वानी के बीजेपी समर्थित निगम पार्षद अमित बिष्ट ने नितिन को गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती देर रात युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Comment