देहरादून: देहरादून पुलिस में लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे एक पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह ने पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई के जरिए एसएसपी ने साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार कांस्टेबल अनिल सिंह को 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए जनपद चमोली भेजा गया था, लेकिन उन्होंने वहां ड्यूटी पर आमद दर्ज नहीं कराई और 65 दिनों तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। इसके बाद 20 जून 2023 को उन्होंने जनपद देहरादून में आमद तो दर्ज कराई, लेकिन 1 सितंबर 2023 को पुलिस लाइन में सुबह की गणना के दौरान फिर से अनुपस्थित हो गए। इसके बाद से अब तक वे ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विभागीय जांच सीओ लाइन को सौंपी गई। जांच के दौरान कांस्टेबल ने किसी भी स्तर पर विभागीय कार्रवाई में सहयोग नहीं किया। जांच अधिकारी द्वारा सभी तथ्यों की समीक्षा कर रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी देहरादून ने विभागीय कार्रवाई पर निर्णय लेते हुए कांस्टेबल अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोपरि है। ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
