हरिद्वार: उत्तरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में गुरुवार को भारत माता मंदिर के संस्थापक पद्मविभूषित ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की स्मृति में आयोजित मूर्ति स्थापना समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरिद्वार पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी अतिथि सप्तऋषि क्षेत्र स्थित समाधि मंदिर पहुंचे, जहां ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की प्रतिमा का अनावरण किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समाधि मंदिर में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि के आध्यात्मिक योगदान को नमन किया। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर आयोजित समारोह में सभी विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार रखे।
गौरतलब है कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की समाधि पर मूर्ति स्थापना को लेकर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें देशभर से कई संत-महात्मा, राजनेता और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि के राष्ट्र, संस्कृति और अध्यात्म के प्रति योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से किया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह में धार्मिक, सांस्कृतिक और विचार गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।
