Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: बर्फीली वादियों में सजा औली, छोटी-सी औली में हो रहे हैं पूरे भारत के दर्शन

विश्व प्रसिद्ध हिंमक्रीड़ा केंद्र औली में जुटे हैं देश के विभिन्न राज्यों के स्कीयर्स और सैलानी

चमोली: हिमालय की गोद में बसा छोटा-सा औली इन दिनों किसी जीवंत उत्सव स्थल में बदल गया है। चारों ओर सफेद चादर ओढ़े पहाड़, नीला आसमान और ठंडी हवाओं के बीच यहां पूरे देश की झलक एक साथ दिखाई दे रही है। समुद्रतल से करीब 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र इन दिनों स्कीइंग प्रेमियों और सैलानियों से गुलजार है।

जनवरी के अंतिम सप्ताह में हुई ताजा बर्फबारी ने औली की रौनक लौटा दी है। लंबे इंतजार के बाद ढलानों पर जमी बर्फ ने स्कीइंग के लिए आदर्श परिस्थितियां तैयार कीं, जिससे नेशनल स्की चैंपियनशिप और औली कार्निवाल का आगाज पूरे जोश के साथ हुआ। देश के 14 राज्यों से आए खिलाड़ी, सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ के स्कीयर्स मिलाकर 350 से अधिक प्रतिभागी इस रोमांचक प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। बर्फीली ढलानों पर जब खिलाड़ी अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं, तो दर्शकों की तालियों से पूरा वातावरण गूंज उठता है।

औली की सुबहें जहां हाड़ कंपा देने वाली ठंड से शुरू होती हैं, वहीं दिन में खिली धूप सैलानियों को बर्फ के बीच मस्ती करने का अवसर देती है। हर ओर लोग स्नोफॉल का आनंद लेते, सेल्फी लेते और बर्फ में खेलते नजर आते हैं। स्कीइंग ट्रैक के आसपास उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय लोग पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प के माध्यम से अपनी संस्कृति की झलक भी पेश कर रहे हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिला दिए हैं। होटल, होमस्टे और रिसॉर्ट लगभग पूरी तरह बुक हैं। मुंबई, ओडिशा, दिल्ली, गुजरात समेत कई राज्यों से आए सैलानी औली की खूबसूरती और आयोजन की भव्यता की सराहना कर रहे हैं। कई पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने औली के बारे में जो सुना था, उससे कहीं अधिक सुंदर और रोमांचक अनुभव यहां मिला।

अगले तीन दिनों तक औली स्कीइंग के रोमांच और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहेगा। बर्फ से ढकी इन वादियों में खेल, पर्यटन और उत्सव का ऐसा संगम दिख रहा है, मानो सचमुच छोटे-से औली में पूरे भारत के दर्शन हो रहे हों।

Leave a Comment