किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र किन्नौर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भावा नगर के समीप जानी लिंक रोड पर एक कार गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत
कार में सवार लोगों की पहचान हो गई है. मृतकों की सूची इस तरह है…
कृष्णा (उम्र- 42 वर्ष), पत्नी- नरेश कुमार, निवासी- जानी गांव, डाकघर- रामनी तहसील निचार
सुषमा (उम्र- 47 वर्ष), पत्नी- रोशन लाल, निवासी- गांग्रे गांव, तहसील निचार
इंदर लाल (उम्र- 30 वर्ष), पुत्र- हरि लाल, निवासी- जानी गांव, डाकघर- रामनी तहसील निचार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसा सुबह के समय हुआ, जब वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
किन्नौर के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी मार्ग की संकरी सड़क और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
