Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

सैकड़ों कांग्रेसियों ने किया पुलिस मुख्यालय का घेराव, 16 फरवरी को राजभवन घेराव की दी चेतावनी

देहरादून: देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय (PHQ) की ओर कूच कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो 16 फरवरी को राजभवन का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में एकत्र हुए और वहां से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़े। सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिससे हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पार करने में सफल हुए, लेकिन उन्हें आगे रोक लिया गया।

प्रदर्शन में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह और बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला भी शामिल रहे। नेताओं ने राज्य में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार हालात संभालने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस तंत्र जनता की सुरक्षा के बजाय सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय में सांकेतिक ज्ञापन देने की कोशिश की और सरकार को चेताया कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं हरक सिंह रावत ने कहा कि देवभूमि की छवि लगातार धूमिल हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में दिनदहाड़े आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। कांग्रेस का कहना है कि कानून व्यवस्था की बहाली के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे।

पार्टी ने साफ किया कि 16 फरवरी को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजभवन कूच कर राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

Leave a Comment