रुद्रपुर: होली से पहले चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रुद्रपुर में पुलिस और फरार नशा तस्कर के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल तस्कर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम शहर में गश्त कर रही थी। होली पर्व को देखते हुए कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम उर्फ नजीम बिना नंबर प्लेट की बाइक से सिडकुल क्षेत्र की ओर से हल्द्वानी रोड की तरफ जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर दी। संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी ने भागने का प्रयास किया और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोप है कि गिरने के बाद उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली उसके पैर में लग गई।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 4,100 रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से बिना नंबर प्लेट की बाइक और हेलमेट भी जब्त कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि आरोपी पहले भी पुलिस टीम पर पथराव और जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। एक फरवरी को सुभाष कॉलोनी में नशा तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला किया था, जिसमें एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया था। इस प्रकरण में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि नदीम फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
