मेजबान बनकर ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बना भारत, संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और बुमराह को मिला प्लेयर ऑफ द मैच
IND vs NZ Final: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली और कुल तीन बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया। साथ ही भारत मेजबान रहते हुए टी20 विश्व कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई है।

फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक ने 21 गेंदों में 52 रन और ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर को 250 के पार पहुंचाया। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे।

न्यूजीलैंड की ओर से जेमी निशम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं कप्तान मिचेल सेंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 33 रन दिए।
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 159 रनों पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सिफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन और मिचेल सेंटनर ने 35 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। बुमराह ने 4 ओवर में मात्र 15 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए।
टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के लिए संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने पांच मैचों में 321 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे। वहीं फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

सूर्यकुमार का भावुक अंदाज, पिच की मिट्टी माथे से लगाई
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक भावुक पल मैदान पर देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में जीत के बाद जब भारतीय खिलाड़ी जश्न में डूबे हुए थे, उसी दौरान सूर्यकुमार यादव ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच की मिट्टी को हाथ से छुआ और उसे अपने माथे से लगा लिया।

सूर्यकुमार का यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। इस भावुक पल ने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।
सूर्यकुमार की इस भावनात्मक प्रतिक्रिया ने कई प्रशंसकों को पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की याद दिला दी। दरअसल, रोहित शर्मा ने भी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की जीत के बाद इसी तरह पिच की मिट्टी को माथे से लगाकर अपनी खुशी और भावनाओं का इजहार किया था।
इतिहास के पन्नों में आज एक और सुनहरा अध्याय जुड़ गया।
टीम इंडिया ने मेहनत, जुनून और विश्वास से जीत की कहानी लिख दी।
हर चौका-छक्का और हर विकेट ने जीत की राह आसान कर दी।
आज तिरंगा सिर्फ लहराया नहीं, बल्कि गर्व से ऊँचा हुआ।
ये वो पल हैं जो हमेशा यादों में चमकते रहेंगे।

