देहरादून: अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा के आह्वान पर देशभर में रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देहरादून में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर नारेबाजी करते हुए भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा निकाली। पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन ने बैरिकेटिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी “अंत्येष्टि” की। इस दौरान महिलाओं ने धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी बनाकर यह संदेश दिया कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों को फिर से पुराने समय की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाद में महिलाओं ने वहीं बनी रोटी और सब्जी लोगों को खिलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों से आम जनता, विशेषकर महिलाओं पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर महिलाओं की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

