अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कूपी बैंड के पास अनियंत्रित होकर एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजाब नेशनल बैंक के हेड कैशियर के रूप में हुई है, जो ड्यूटी के बाद अपने घर काशीपुर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार मरचूला क्षेत्र के कूपी बैंड के पास स्टेट हाईवे पर चल रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मरचूला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुभाष सिंह बिष्ट पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कचनालगाजी, बिजलीघर क्षेत्र काशीपुर (उधम सिंह नगर) के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि सुभाष सिंह बिष्ट पंजाब नेशनल बैंक की थलीसैंड शाखा में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार शाम बैंक का कामकाज निपटाने के बाद वह अवकाश के चलते अपने घर काशीपुर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान कूपी बैंड के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
