रुद्रपुर: उधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक कार में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही समय में पूरी तरह जलकर राख हो गई।
मामला पुलभट्टा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कार घर के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह धू-धू कर जलने लगी। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
बताया जा रहा है कि जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कार मालिक आरिफ ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर उनकी कार में आग लगाई है। आरिफ का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के साथ उनका पहले से विवाद चल रहा है और उसी के चलते उनकी कार को निशाना बनाया गया है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलभट्टा थाना प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और हर पहलू से जांच की जा रही है।
