Udayprabhat
uttrakhand

उधम सिंह नगर में 10 करोड़ की नकली NCERT किताबें बरामद, 10 लाख पुस्तकों का जखीरा पकड़ा

रुद्रपुर/उधम सिंह नगर: नकली सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उत्तराखण्ड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जनपद उधम सिंह नगर में पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की नकली राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) पुस्तकों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।

घटना 14 मार्च की रात की है, जब रुद्रपुर कोतवाली पुलिस टीम ने आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर वाहन को रोककर चेकिंग की। वाहन चालक ने बताया कि वह किताबें मेरठ से ला रहा है, लेकिन जांच के दौरान उसके पास ई-वे बिल नहीं मिला और प्रस्तुत दस्तावेजों में भी विसंगतियां पाई गईं।

संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में NCERT की पुस्तकें बरामद हुईं। पूछताछ में चालक ने एक गोदाम की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां करीब 10 लाख पुस्तकों का भंडारण मिला। जांच में गोदाम स्वामी का नाम राजेश कुमार जैन सामने आया, जबकि गोदाम संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था।

दिल्ली से आई राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की टीम ने पुस्तकों की गुणवत्ता की जांच की, जिसमें छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इतना ही नहीं, असली NCERT के लोगो से छेड़छाड़ कर “NCERT” की जगह “ACERT” लिखकर आमजन को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही थी। टीम द्वारा पुस्तकों के नकली होने की पुष्टि के बाद रुद्रपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

इस बड़ी कार्रवाई पर दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Comment