Udayprabhat
uttrakhandहेल्थ

Rishikesh: गजब हाल! सरकारी अस्पताल में दवा नहीं, मरीजों को मिलकर खरीदना पड़ रहा इंजेक्शन

ऋषिकेश: ऋषिकेश के उप जिला चिकित्सालय से स्वास्थ्य व्यवस्था की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां पिछले लगभग दो सप्ताह से एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को आपस में पैसे इकट्ठा कर बाजार से इंजेक्शन खरीदना पड़ रहा है।

अस्पताल में रोजाना 30 से 40 मरीज कुत्ता, बिल्ली और बंदर के काटने की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। लेकिन वैक्सीन की अनुपलब्धता के चलते उन्हें सरकारी सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा। मजबूरी में मरीज समूह बनाकर मेडिकल स्टोर से एंटी-रेबीज वाइल खरीद रहे हैं, जिसकी कीमत करीब 400 रुपये है। एक वाइल में चार डोज होती हैं, ऐसे में चार मरीज मिलकर 100-100 रुपये जुटाकर इंजेक्शन का इंतजाम कर रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले यही इंजेक्शन अस्पताल में निशुल्क मिलता था, लेकिन अब उन्हें अपनी जेब से खर्च करना पड़ रहा है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जिन स्रोतों से वैक्सीन की आपूर्ति होती थी, वहां भी इस समय कमी चल रही है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद राणा के अनुसार, जल्द ही वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है।

 

 

Leave a Comment