Udayprabhat
uttrakhandweather

गंगोत्री यमुनोत्री धाम में बर्फबारी, हर्षिल घाटी बनी ‘व्हाइट वंडरलैंड’, बढ़ी ठिठुरन

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है.

उत्तरकाशी: जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम ने करवट लेते हुए एक बार फिर सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम समेत आसपास के इलाकों में बीते कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया है।

हर्षिल घाटी, गीठ और मोरी जैसे ऊंचाई वाले गांवों में भी बर्फ की परत जमने से जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं निचले इलाकों में हुई बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

मार्च माह में हुई इस बर्फबारी और बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। सेब उत्पादकों का मानना है कि यह मौसम उनकी फसलों के लिए वरदान साबित होगा, क्योंकि लंबे समय से वर्षा न होने के कारण फसलें प्रभावित हो रही थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बर्फबारी के बाद घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और भी निखर गई है, जिससे यह क्षेत्र किसी पर्यटन स्थल की तरह आकर्षक दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। साथ ही, मैदानी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिससे ठंड का असर फिलहाल जारी रहने की संभावना है।

Leave a Comment