Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में ट्रैफिक सिस्टम होगा हाईटेक, अब शहर में बनेंगे महानगरों की तर्ज पर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन

देहरादून: देहरादून में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर में महानगरों की तर्ज पर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।

देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, जिले में कुल 6 ट्रैफिक पुलिस स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें 4 देहरादून शहर में, 1 विकासनगर और 1 ऋषिकेश में स्थापित होगा। हर ट्रैफिक स्टेशन की जिम्मेदारी संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर को दी जाएगी, जो अपने क्षेत्र में यातायात प्रबंधन और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय करेगा।

शहर में सबसे बड़ी समस्या सड़क किनारे अवैध पार्किंग को माना जा रहा है, जिसके चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नई व्यवस्था के तहत इन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ेगी और कार्रवाई तेज की जाएगी।

इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई को और मजबूत करने के लिए टोइंग क्रेन की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। पहले जहां 9 क्रेन कार्यरत थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर 20 करने की योजना है, ताकि सड़क किनारे खड़े वाहनों को तुरंत हटाया जा सके और यातायात सुचारू बना रहे।

एसएसपी ने बताया कि पिछले एक महीने में ट्रैफिक व्यवस्था का विस्तृत अध्ययन किया गया, जिसके आधार पर यह नई योजना तैयार की गई है। ट्रैफिक पुलिस स्टेशन से ही चालान, ड्यूटी मैनेजमेंट और अन्य सभी संबंधित कार्य संचालित होंगे, जिससे जवाबदेही और व्यवस्था दोनों में सुधार आएगा।

वहीं काशीपुर (जनपद उधम सिंह नगर) में ईद, चैत्र नवरात्रि और चैती मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता में विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला।

Leave a Comment