Udayprabhat
accidentuttrakhandदेहरादून

देहरादून: बेकाबू इनोवा कार चालक ने स्कूटी को रौंदा, पिता की मौत, बेटा गंभीर, गेट तोड़कर घर में घुसी गाड़ी

नशे में धुत्त चालक ने तीन वाहनों को मारी टक्कर

देहरादून: राजधानी के डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहा एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़कों पर जमकर कोहराम मचाया। नशे या लापरवाही में धुत चालक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसके चलते एक व्यक्ति की दर्दनाक मृत्यु हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

आरोपी चालक गुनीत सिंह, निवासी इंदर रोड, अपनी इनोवा कार को अत्यधिक गति और लापरवाही से चला रहा था। डीएल कट से निकलते ही उसने सबसे पहले एक औरा कार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद भागने की कोशिश में उसने आगे चल रही एक स्कूटी और मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार राहुल और बाइक पर सवार पिता-पुत्र, रोहित फिलिप्स व अनुज फिलिप्स, सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उपचार के दौरान रोहित फिलिप्स ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके बेटे और अन्य घायल का उपचार जारी है। अनियंत्रित इनोवा ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बाइक और स्कूटी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह ओल्ड सर्वे रोड स्थित ‘छाबड़ा निवास’ के मुख्य गेट को तोड़ते हुए घर के आंगन में जा घुसी।

 

हादसे की ज्यादा जानकारी देते हुए सीओ डालनवाला अनुज आर्य ने बताया कि,

आरोपी चालक गुनीत सिंह ने DL कट से तेजी व लापरवाही से आकर पहले DL रोड पर एक कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. उसके बाद तेजी से आगे भागते हुए एक स्कूटी व एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त कर दिया. हादसे में स्कूटी सवार राहुल (निवासी अंबेडकर नगर DL रोड देहरादून) और बाइक सवार दो व्यक्ति रोहित फिलिप्स व उनका बेटा अनुज फिलिप्स गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

दुर्घटना में घायल राहुल को पुलिस द्वारा वैश्य नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से मैक्स हॉस्पिटल रेफर किया गया है. वहीं, दुर्घटना में घायल दो अन्य व्यक्तियों रोहित व अनुज को पुलिस द्वारा निजी वाहन से दून अस्पताल भिजवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान रोहित फिलिप्स की मृत्यु हो गई.

Leave a Comment