देहरादून: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिखरफॉल के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां एक थार वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
आपदा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और राजपुर थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दुर्गम और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने खाई में गिरे वाहन से एक युवक और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
हालांकि, वाहन में सवार एक अन्य युवक थार के नीचे चट्टानों के बीच बुरी तरह फंस गया था। वाहन खाई में अत्यंत खतरनाक स्थिति में लटका होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाई आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की ओर से क्रेन मंगाई गई।
काफी मशक्कत के बाद टीम ने वाहन को हटाकर युवक के शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान पिथौरागढ़ निवासी मोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना राजपुर प्रभारी के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
